23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
ब्रेकिंग न्यूज़ बिलासपुर
बिलासपुर:भाजपा महिला नेत्री द्वारा दैहिक शोषण और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में दर्ज एफआईआर के बाद झारखंड के रांची से हिरासत में लिए गए कोल कारोबारी संजय सिंह ने एक वीडियो जारी कर पूरे मामले में खुद को निर्दोष बताया है। वीडियो सामने आते ही हाई-प्रोफाइल मामले में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

संजय सिंह ने वीडियो में दावा किया है कि महिला नेत्री ने प्रभावशाली लोगों से संबंधों का हवाला देकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कोल माइंस से जुड़े ठेके दिलाने का भरोसा दिया था और इसी नाम पर उनसे करीब 80 लाख रुपये लिए गए। कारोबारी का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची गई।
दूसरी ओर महिला नेत्री ने सिविल लाइन थाना में दर्ज शिकायत में संजय सिंह पर दैहिक शोषण, ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और विश्वासघात जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर बिलासपुर पुलिस की टीम रांची पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संजय सिंह को हिरासत में लिया।
वीडियो में संजय सिंह ने यह भी दावा किया कि पिछले सात महीनों से उनकी महिला से कोई आमने-सामने मुलाकात नहीं हुई थी और केवल फोन पर बातचीत होती थी। ऐसे में उन्होंने दैहिक शोषण के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। कारोबारी का कहना है कि 21 तारीख को रायपुर में रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में संपर्क बंद कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। मामले में महिला नेत्री की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है और कारोबारी से पूछताछ की जा रही है। वहीं संजय सिंह द्वारा लगाए गए 80 लाख रुपये की ठगी के आरोपों की भी जांच के दौरान पड़ताल की जा सकती है।
मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभी तक किसी भी पक्ष के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
