23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/जांजगीर–चांपा
ब्रेकिंग न्यूज़ जांजगीर चाँपा
जांजगीर-चांपा- बहुचर्चित करही गोलीकांड मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक माह तक चली गहन जांच और विशेष अभियान “ऑपरेशन हंट” के तहत पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उधारी के पैसों को लेकर विवाद, मृतक आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक तरक्की, प्रभाव और व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा से उपजी जलन हत्या की मुख्य वजह बनी। इसी द्वेष और प्रतिशोध की भावना में आरोपियों ने खौफनाक साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की रात आरोपियों ने पहले मृतक के घर के बाहर लगे CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त कराया, फिर घर में घुसकर आयुष कश्यप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, मैगजीन, अतिरिक्त खाली मैगजीन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी:
हेमंत कुमार बघेल (23 वर्ष)
भूषण बघेल (23 वर्ष)
अमित टंडन (28 वर्ष)
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली एवं जम्मू-कश्मीर सहित 7 राज्यों में दबिश दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता और अन्य सहयोगियों की तलाश अभी जारी है।
