23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रतनपुर
बिलासपुर/रतनपुर, 23 मई। तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने स्वयं को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का सदस्य बताकर लगभग 75 लोगों से अयोध्या दर्शन कराने के नाम पर ₹1,12,575 की रकम वसूल ली, लेकिन न तीर्थ यात्रा कराई और न ही लोगों की रकम लौटाई।

मामला थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम गोंदईया एवं बछालीखुर्द से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गोंदईया निवासी प्रार्थी हेमंत साहू ने 22 मई 2026 को थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम झझपुरीकला थाना लोरमी निवासी होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत ने करीब एक वर्ष पूर्व लोगों को अयोध्या में राम जन्मभूमि दर्शन कराने का भरोसा देकर उनसे पैसे लिए थे।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने स्वयं को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का सदस्य बताते हुए लोगों का विश्वास जीता और करीब 75 लोगों से कुल ₹1,12,575 की राशि एकत्र की। इसके बाद न तो तीर्थ यात्रा कराई गई और न ही लोगों का पैसा वापस किया गया। आरोपी ने शिकायतकर्ताओं के फोन उठाना भी बंद कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना रतनपुर में आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत (32 वर्ष), निवासी झझपुरीकला, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को चंद घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन सहित सउनि. नरेश गर्ग, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह एवं आरक्षक बिजेंद्र रात्रे की विशेष भूमिका रही।
