
23 मई2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/खरसिया
रायगढ़:जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने खरसिया क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ और सट्टा कारोबार पर शिकंजा कस दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी खरसिया पुलिस ने अलग-अलग रेड कार्रवाई में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी और मोबाइल जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राठौर चौक के पास जुआ खेले जाने की सूचना पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि हिमांशु श्रीवास (22), मनोज राठौर (40), टुकेश्वर साहू (26) और लवकुमार राठौर (47) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों एवं जुआ फड़ से ₹4500 नगद जब्त किया। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में पुलिस ने नया मंगल बाजार शेड खरसिया में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाने की सूचना पर रेड कार्रवाई की। यहां से आरोपी प्रवीण राठौर (32) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ओप्पो मोबाइल फोन और ₹600 नगद जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने राजेश अग्रवाल के साथ मिलकर मोबाइल के जरिए सट्टा संचालन करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने राजेश अग्रवाल (62) को हिरासत में लेकर पूछताछ की और सट्टा अपराध में गिरफ्तार कर कार्रवाई की।
रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई से जुआ-सट्टा कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में अवैध गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
