23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:महिला संबंधी अपराधों पर संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की नीति के तहत तमनार पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती ने थाना तमनार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी दीपक तिग्गा (31 वर्ष) ने वर्ष 2017 में प्रेम संबंध स्थापित कर शादी का वादा किया था। आरोप है कि फरवरी 2017 में आरोपी ने युवती के घर में माता-पिता के नहीं होने का फायदा उठाकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाया और बाद में शादी का भरोसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तब आरोपी ने उसे अपने साथ रखने से साफ इंकार कर दिया। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तमनार में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक तिग्गा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
