23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष..
रायगढ़ पुलिस द्वारा जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत लगातार बड़ी कार्रवाई सामने आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध सट्टा कारोबार की कमर तोड़ने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले के फरार खाईवाल रामफल अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 11 मई 2026 को थाना पूंजीपथरा पुलिस एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में छापा मारकर मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल को रंगे हाथों पकड़ा था। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की गई थी।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया था कि क्रिकेट सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल तक नगद और डिजिटल माध्यम से पहुंचाई जाती थी। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद थाना पूंजीपथरा पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
लगातार दबिश और पुलिस की सख्ती के बीच आखिरकार 22 मई को फरार आरोपी रामफल अग्रवाल (46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल एवं सुरेश अग्रवाल के खिलाफ अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 में कार्रवाई की जा चुकी है।
