23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/घरघोड़ा विशेष
रायगढ़:जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2013 में ग्राम भेंगारी स्थित पोल्ट्री फार्म में हुई चोरी के मामले में 13 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था, जिसे घरघोड़ा पुलिस ने दबिश देकर धर दबोचा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 09 अक्टूबर 2013 की रात ग्राम भेंगारी स्थित एक पोल्ट्री फार्म में पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-13-एल-3356 के चालक और उसके 7-8 साथियों ने धावा बोलते हुए 300 जीवित मुर्गे, 150 प्लास्टिक अंडा ट्रे और करीब 9000 अंडों की चोरी की थी। चोरी गई सामग्री की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई थी। मामले में पोल्ट्री फार्म संचालक की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 378/2013 के तहत धारा 457, 380 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान 13 अक्टूबर 2013 को एक आरोपी शैलेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और किराए की रकम जब्त की गई थी। पूछताछ में कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए, जिनमें चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया का नाम भी शामिल था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गांव बरभौना थाना छाल पहुंचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एएसआई नरेंद्र सिदार और प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक के नेतृत्व में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया (30 वर्ष) निवासी बरभौना थाना छाल जिला रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर 22 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
