
23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नवनियुक्त सचिव आर. संगीता ने अपने पहले बिलासपुर दौरे में शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने का स्पष्ट संदेश देते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “मिलकर सब काम करें, शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाएं”। दिनभर चले दौरे में सचिव ने एक ओर जहां निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की, वहीं शहर में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स और योजनाओं का जमीनी निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में सुबह करीब तीन घंटे चली समीक्षा बैठक के दौरान सचिव आर. संगीता ने राजस्व वसूली, अधोसंरचना विकास, टेंडर प्रक्रिया, स्वच्छता, पीएम आवास, पीएम ई-बस सेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व किसी भी निकाय की आधारशिला है, इसलिए पिछले वित्तीय वर्ष की लगभग 15 करोड़ रुपये की बकाया राशि दिसंबर 2026 तक वसूलने की समयसीमा तय करते हुए वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों का वेतन हर हाल में महीने के पहले सप्ताह में मिलना चाहिए। निर्माणाधीन और अधूरे प्रोजेक्ट्स को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर देते हुए उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि टेंडर की मियाद समाप्त होते ही कार्य आदेश जारी कर परियोजनाओं को तत्काल शुरू कराया जाए ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।
सचिव आर. संगीता ने कोनी में निर्माणाधीन ई-बस चार्जिंग स्टेशन और डिपो को एक महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, वहीं मधुबन में विकसित हो रहे एजुकेशन हब के नालंदा परिसर और अकादमिक ब्लॉक को समयसीमा में तेजी से पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि यह परियोजना कई युवाओं का भविष्य बदलने वाली साबित होगी।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सचिव ने दो टूक कहा कि कोई भी नाला-नाली जाम नहीं होना चाहिए और हर घर से शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। पीएम आवास योजना के बीएलसी घटक के तहत अधूरे या अप्रारंभ मकानों को लेकर हितग्राहियों से संवाद कर निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए प्रेरित करने कहा।
दोपहर बाद सचिव ने शहर के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की गतिविधियों का जायजा लिया, कोनी स्थित चार्जिंग स्टेशन, आकांक्षीय शौचालय, कछार स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और बिरकोना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। खमतराई स्थित पीएम आवास परिसर पहुंचकर उन्होंने निगम और रहवासियों से मिलकर साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
दौरे के अंतिम चरण में मोपका गौठान स्थित एसआरएलएम सेंटर में सचिव आर. संगीता ने स्वच्छता दीदियों से संवाद किया और उन्हें स्वच्छता अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि नारी शक्ति के जरिए स्वच्छता क्रांति लाई जा सकती है। उन्होंने महिलाओं से गीला-सूखा कचरा अलग कराने, हर घर से कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने और लोगों को जागरूक करने की अपील की। इस दौरान महिलाओं ने अपने हाथों से बनाए उत्पाद उन्हें भेंट किए।
बैठक और निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल, निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, सूडा सीईओ शशांक पाण्डेय, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार सहित निगम अधिकारी, इंजीनियर और जिले के सभी नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित
