
23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधनी बिलासपुर/कवर्धा
कवर्धा:अंबिकापुर से गुमशुदा युवती की तलाश के सिलसिले में कवर्धा पहुंची पुलिस टीम और परिजनों की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घोटिया बाईपास स्थित एक मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गुमशुदा युवती वहां नहीं मिली, लेकिन मकान में तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर में दर्ज गुमशुदगी मामले की जांच के दौरान सूचना प्राप्त हुई थी कि लापता युवती कवर्धा के घोटिया बाईपास क्षेत्र स्थित एक मकान में हो सकती है। सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
छापेमारी के दौरान संबंधित गुमशुदा युवती नहीं मिली, लेकिन मकान में मौजूद तीन युवतियों और एक युवक को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मामला केवल गुमशुदगी से जुड़ा है या किसी अन्य गतिविधि से संबंध रखता है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शामिल युवतियों में दो कोरबा और एक बिलासपुर की रहने वाली बताई जा रही हैं, जबकि युवक कवर्धा का निवासी है। फिलहाल किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि या अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि अंबिकापुर से आए लोगों की सूचना पर पुलिस ने सहयोगात्मक कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर जांच की। गुमशुदा युवती वहां नहीं मिली, जबकि अन्य लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है। मामले की जांच जारी है।
नोट: जांच पूरी होने से पहले किसी भी गतिविधि या आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
