
23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:“चेतना अतुलनीय बिलासपुर सुरक्षित बिलासपुर” अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “आओ सवारें कल अपना” समर कैम्प में बच्चों और युवाओं को खेल, कला और रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशा, मोबाइल की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देना है।

गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित इस समर कैम्प में बच्चों और युवाओं को वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, मनोरंजन गतिविधियों, सिलाई और क्राफ्ट सहित कई क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पुलिस विभाग का यह प्रयास युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें समाज में बेहतर नागरिक के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत लक्ष्मी बुटिक सेंटर एवं NITI आयोग से जुड़े अध्यक्ष लक्ष्मीन कश्यप और उनकी टीम द्वारा पुलिस परिवार की महिलाओं और युवतियों को सिलाई एवं क्राफ्ट का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नवीन पुलिस लाइन कार्यालय के मनोरंजन कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में 60 से अधिक महिलाएं और युवतियां हिस्सा ले रही हैं।


वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक मंजुलता केरकेट्टा की उपस्थिति में हैंडबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया, जिसमें प्रशिक्षक यश शर्मा द्वारा 40 बच्चों को बॉल, नेट और एक्सरसाइज सामग्री वितरित की गई। साथ ही वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षक राजेन्द्र चन्द्रा के मार्गदर्शन में 30 बच्चों ने प्रशिक्षण प्रारंभ किया।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान केवल खेल और प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है।
