
23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:पुलिस परिवारों की सामाजिक और पारिवारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस कॉलोनी निलयम तिफरा में पुलिस परिवारों के लिए बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा विधि-विधान के साथ किया गया।
बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह समय-समय पर निलयम कॉलोनी में निवासरत पुलिस परिवारों से मुलाकात करते रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने महसूस किया कि कॉलोनी में सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कोई उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसके बाद उनके प्रयासों से जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ/सीएसआर मद से सामुदायिक भवन की स्वीकृति दिलाई गई।
सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद शुक्रवार को भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर डीएसपी लाइन मंजूलता केरकेट्टा, एसडीओ पीडब्ल्यूडी आदित्य ग्रोवर, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र गुप्ता, सब इंजीनियर कुंजाम सहित बड़ी संख्या में पुलिस परिवारों की महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
सामुदायिक भवन की सौगात मिलने से पुलिस परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह का आभार व्यक्त करते हुए इसे पुलिस परिवारों के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
