
23 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधनी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए शुक्रवार को जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित कबाड़ गोदामों और कारोबारियों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 49 कबाड़ियों की जांच की गई, जिनमें से 40 कबाड़ गोदाम वैधानिक दस्तावेज नहीं मिलने पर तत्काल सील कर दिए गए।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक संबंधित कारोबारियों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान थाना मस्तूरी क्षेत्र में पुलिस ने कबाड़ से भरी एक संदिग्ध वाहन को भी जब्त किया। वहीं 18 कबाड़ियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और बिना अनुमति कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
