22 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर/कोटा:बकरीद से पहले पशु चोरों ने एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखाते हुए कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम नेवरा में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने एक ग्रामीण के बाड़े से 13 बकरियां चोरी कर लीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित ने रोज की तरह बकरियों को घर के पास बने बाड़े में बांध रखा था। सुबह जब वह उठा तो बाड़ा खाली मिला। काफी तलाश के बाद भी बकरियों का कोई पता नहीं चलने पर उसने कोटा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि बकरीद के पहले पशुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए संगठित चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। इससे पहले मार्च महीने में भी चकरभाठा क्षेत्र से बकरी चोरी की घटना सामने आई थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
