22 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, बिना अनुमति बोर खनन और अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 11 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में 4 बोर मशीन, 4 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। सभी वाहनों को संबंधित थाना पुलिस की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

तहसीलदार प्रकाश साहू के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार देर रात ग्राम बसिया क्षेत्र में बिना अनुमति बोर खनन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 2 बोर मशीनों को जब्त किया। इसके बाद तिफरा क्षेत्र में भी अवैध बोर खनन करते 2 अन्य बोर मशीनों पर कार्रवाई की गई। सभी मशीनों को सिरगिट्टी थाना के सुपुर्द किया गया।

इसी दौरान मुरूम और गिट्टी का बिना रॉयल्टी परिवहन करते पाए जाने पर 4 हाइवा वाहनों को भी जब्त किया गया। इन वाहनों को सिरगिट्टी एवं तोरवा थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।

वहीं खनिज विभाग की टीम ने गुरुवार को सेलर, चोरहादेवरी, अकलतरी, गढ़वट, सरवनदेवरी, खैरखुंडी, रतनपुर, लोखंडी और तुरकाडीह सहित कई क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सेलर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, गढ़वट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा लोखंडी क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहन को जब्त किया गया। इन वाहनों को रतनपुर एवं कोनी थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और बिना अनुमति बोर खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम, जिसमें खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग शामिल हैं, को नियमित निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
