22 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 21 मई को थाना पहुंचकर परिचित युवक पर डरा-धमकाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए धरमजयगढ़ पुलिस ने तत्काल आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी दिनेश कौशिक निवासी ग्राम बोरो उसके और उसके पति का परिचित है। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। आरोप है कि 6 मई 2026 की दोपहर आरोपी महिला के घर पहुंचा और पति के घर में नहीं होने का फायदा उठाकर कमरे में घुस गया। आरोपी ने दरवाजा बंद कर महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर धमकी दी।
पीड़िता ने लोकलाज और डर के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। आरोप है कि अगले दिन आरोपी ने फिर महिला को धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला ने 14 मई को अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाना धरमजयगढ़ में आरोपी के खिलाफ धारा 64(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी दिनेश कौशिक (32 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
