21 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को बिलासपुर में एनएसयूआई ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में सौंपा गया।

एनएसयूआई ने ज्ञापन में केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि NEET-UG 2026 पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। संगठन ने इसे देश के युवाओं के सपनों के साथ विश्वासघात बताया।

इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “कुर्सी है तुम्हारा ये जनाज़ा तो नहीं है, कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते। जब सरकार और उसकी एजेंसियां छात्रों का भविष्य सुरक्षित नहीं रख पा रही हैं, तो सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं बचता।”

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है और युवाओं का भरोसा टूटता जा रहा है। रंजीत सिंह ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्रों में आक्रोश है।
एनएसयूआई नेताओं ने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों को केवल भाषण नहीं, बल्कि सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था चाहिए। संगठन ने कहा कि देशभर में सामने आ रही छात्र आत्महत्या की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

ज्ञापन में मांग की गई कि NEET-UG 2026 पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही NTA को तत्काल भंग कर नई पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग भी उठाई गई।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन देशव्यापी उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और न्याय की लड़ाई है।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव लोकेश नायक, बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव, जिला उपाध्यक्ष सुमित शुक्ला, जिला महासचिव शुभम जायसवाल, प्रवीण साहू सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
