21 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) का गठन किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के निर्देशन में गठित इस समिति में बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा को सदस्य बनाया गया है।

समिति में जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक एमडी पटेल को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं समिति चुनाव के दौरान प्रकाशित और प्रसारित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों, पेड न्यूज और सोशल मीडिया प्रचार सामग्री की निगरानी करेगी।
प्रशासन के अनुसार एमसीएमसी का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मीडिया में प्रसारित सामग्री का परीक्षण करना और बिना अनुमति जारी राजनीतिक विज्ञापनों पर नजर रखना है। संदिग्ध मामलों की जांच के बाद समिति संबंधित अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
समिति प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया पर विशेष निगरानी रखेगी, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की भ्रामक या नियम विरुद्ध प्रचार सामग्री पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
