21 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष….
रायगढ़। पुसौर पुलिस ने अवैध स्क्रैप कारोबार, फर्जी ई-वे बिल और जीएसटी चोरी से जुड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी नीरज अग्रवाल अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी के स्क्रैप को ट्रकों में भरकर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचाते थे और कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी ई-वे बिल तैयार कर पुलिस व न्यायालय को गुमराह करते थे।

मामले की शुरुआत 13 मार्च 2026 को थाना पुसौर में दर्ज इस्तगासा क्रमांक 04/26 एवं 05/26 की जांच से हुई। पूछताछ के दौरान ट्रक चालक सरोज भोई और कुबेर यादव ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से स्क्रैप लेकर रायगढ़ के पूंजीपथरा क्षेत्र जा रहे थे। इस दौरान प्रस्तुत टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल में भारी विसंगतियां मिलीं। दस्तावेजों में माल भेजने का स्थान अलग-अलग दर्शाया गया था, जिससे पुलिस को पूरे मामले में चोरी के स्क्रैप और फर्जी दस्तावेजों का संदेह हुआ।
विवेचना के दौरान रायगढ़ पुलिस की टीम ओडिशा के भेडन थाना क्षेत्र स्थित मसौदी इंटरप्राइजेस पहुंची। यहां फर्म संचालक गुलाम हैदर और उसके भाई गुलाम मोहम्मद से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न व्यापारियों से स्क्रैप खरीदकर कई जगह भेजते थे और कई बार बिना वैध ई-वे बिल के परिवहन कराया जाता था। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि ट्रक पकड़े जाने के बाद रायगढ़ निवासी नीरज अग्रवाल के कहने पर रात में फर्जी ई-वे बिल बनाकर व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए थे ताकि ट्रकों को छुड़ाया जा सके।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, जीएसटी बिल और फर्म से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में जीएसटी चोरी और शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाने के प्रमाण भी मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि ई-वे बिल में समय संबंधी कूटरचना कर दस्तावेजों को पहले से जारी दिखाया गया था।
मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी गुलाम हैदर और गुलाम मोहम्मद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले ट्रक चालक सरोज भोई और कुबेर यादव को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
फरार आरोपी की तलाश जारी:मामले का मुख्य आरोपी नीरज अग्रवाल फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
