21 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…
रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सीतापुर ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने मामूली विवाद में बेरहमी से कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक 15 मई की सुबह सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव की पहचान भगवानपुर निवासी 21 वर्षीय तिलक वर्मा के रूप में हुई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल से खून से सने पत्थर और ईंट बरामद किए गए। पुलिस ने मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की, जिसमें घटना की रात तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच विवाद और मारपीट की जानकारी सामने आई। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहराया।

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने छातामुड़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी अमन कुमार बसोड़ (21 वर्ष) निवासी भगवानपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि 14 मई की रात टावर मैदान में दोनों के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ। रात में दोनों सीतापुर पहुंचे और शराब की तलाश करने लगे। शराब नहीं मिलने पर दोनों सामुदायिक भवन के पास बैठ गए, जहां पुरानी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आरोपी ने पहले हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला किया और फिर पास पड़ी ईंट से ताबड़तोड़ वार कर तिलक की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी अपने दोस्तों को घटना की जानकारी देकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का कड़ा और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं।
मामले की जांच में थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य, एएसआई मनमोहन बैरागी, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू, आरक्षक चुडामणी गुप्ता और राजेश खांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
