21 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बिलासपुर को 24 नई अत्याधुनिक डायल-112 वाहन सेवाओं की सौगात मिली। बिलासागुड़ी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव वर्चुअली शामिल हुए और जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से लैस इन वाहनों के शामिल होने से जिले में पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम और अधिक तेज एवं प्रभावी होगा।

वर्चुअल संबोधन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि डायल-112 सेवा आज आम जनता के भरोसे का मजबूत माध्यम बन चुकी है। संकट की स्थिति में यह सेवा लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने का सबसे बड़ा सहारा बन रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने लगातार कार्य कर रही है, ताकि हर नागरिक को सुरक्षित वातावरण मिल सके।


कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि डायल-112 जनता के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है और संकट के समय लोगों को त्वरित राहत पहुंचा रही है।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सूचना मिलते ही टीम लोकेशन ट्रेस कर तत्काल सहायता पहुंचाती है। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि किसी भी दुर्घटना या अपराध में सबसे पहले पुलिस ही मौके पर पहुंचती है और कानून व्यवस्था मजबूत करने में समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।


विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि डायल-112 सेवा ने आम नागरिकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
वहीं विधायक दिलीप लहरिया ने पुलिस विभाग की सक्रियता को सुरक्षा भावना मजबूत करने वाला बताया।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि पुलिस विभाग की संवेदनशील और तत्पर कार्यप्रणाली सराहनीय है तथा अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने में डायल-112 महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि डायल-112 सेवा अब प्रदेश के सभी 33 जिलों में विस्तारित हो चुकी है। इसमें पुलिस के साथ फायर एवं एम्बुलेंस सेवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर त्वरित सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप सुविधा शुरू होने से सहायता प्राप्त करना और आसान हो गया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि नई डायल-112 वाहन सेवा से जिले में आपातकालीन सेवाओं की कार्यक्षमता और बेहतर होगी। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि नई वाहनों के शामिल होने से रिस्पॉन्स टाइम में सुधार आएगा और ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, मधुलिका सिंह, एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
