21 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:“चेतना अभियान – अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर” के तहत बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित “आओ संवारें कल अपना” समर कैंप बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस विशेष अभियान के माध्यम से युवाओं को खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया जा रहा है।

पुलिस लाइन स्थित पुलिस ग्राउंड में आयोजित समर कैंप में तायक्वांडो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, रनिंग, मनोरंजन गतिविधियां, सिलाई एवं क्राफ्ट सहित कई विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को मोबाइल की लत, नशे और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखते हुए उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है।

समर कैंप में वॉलीबॉल के लगभग 35, हैंडबॉल के 40, हॉकी के 70, रनिंग के 50 तथा तायक्वांडो के करीब 70 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें कई प्रतिभागी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं, जिन्हें विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह समय-समय पर स्वयं कैंप पहुंचकर बच्चों की गतिविधियों की जानकारी लेते हैं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी कैंप पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की तथा योगा मैट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
“आओ संवारें कल अपना” अभियान के अंतर्गत पुलिस परिवार की महिलाओं और युवतियों के लिए नवीन पुलिस लाइन कार्यालय के मनोरंजन कक्ष में सिलाई एवं क्राफ्ट प्रशिक्षण शिविर भी संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में 60 से अधिक महिलाएं एवं युवतियां भाग लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है।
