20 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 पोकलेन मशीन, 1 जेसीबी और 20 वाहनों को जब्त किया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और खनिज विभाग की निगरानी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कई क्षेत्रों में दबिश देकर यह कार्रवाई की गई।

उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे ने बताया कि ग्राम महमंद क्षेत्र में जांच के दौरान बिना वैध अभिवहन पास के रेत परिवहन करते दो हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। एक वाहन को जांच चौकी लावर लाया गया, जबकि दूसरे वाहन का चालक वाहन सड़क पर छोड़कर चाबी लेकर फरार हो गया। वाहन मालिक के मौके पर नहीं पहुंचने पर थाना तोरवा में एफआईआर दर्ज कराई गई है।


खनिज विभाग द्वारा 7 मई से 20 मई तक चकरभाठा, सकरी, बेलगहना, मस्तूरी, लालखदान, महमंद, करहीकछार, चौरमट्टी और लखराम समेत कई क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रेत परिवहन के 14, मुरूम के 1, चूनापत्थर के 2 और मिट्टी-ईंट परिवहन के 3 मामले दर्ज किए गए।

कार्रवाई के तहत 12 हाईवा, 7 ट्रैक्टर और 1 माजदा वाहन जब्त कर विभिन्न थानों और चौकियों में सुरक्षित रखा गया है। वहीं ग्राम सोढ़खुर्द और करहीकछार में अवैध रेत उत्खनन करते पाए जाने पर 2 पोकलेन मशीनें जब्त की गईं।
चौरमट्टी क्षेत्र में अवैध मुरूम उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन को भी खनिज विभाग ने कब्जे में लिया।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम को भी कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
