20 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़ पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों की फिटनेस और वेलनेस को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए पुलिस लाइन उर्दना में अत्याधुनिक पुलिस जिम की शुरुआत की गई। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने आज रिबन काटकर आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “भागदौड़ भरी जीवनशैली में फिटनेस और वेलनेस बेहद जरूरी है। स्वस्थ शरीर से ही बेहतर सेवा संभव है।”

लोकार्पण कार्यक्रम से पहले वित्त मंत्री ने पुराने पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ डॉयल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेन) के तहत जिले को मिली 16 आधुनिक आपातकालीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


पुलिस लाइन उर्दना पहुंचने पर वित्त मंत्री ने जिम का शुभारंभ किया तथा जिम में स्थापित भगवान हनुमान जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने जिम में लगाए गए अत्याधुनिक फिटनेस उपकरणों का अवलोकन किया।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में फिटनेस केवल आवश्यकता नहीं बल्कि बेहतर जीवनशैली की पहचान बन चुकी है। उन्होंने सभी लोगों को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम के लिए निकालने की सलाह देते हुए कहा कि इस जिम का लाभ पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस परिवार एवं स्थानीय युवाओं को भी मिलेगा।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने के लिए योग, खेल और फिटनेस गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जिम सुविधा पुलिस जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाएगी, जिससे वे अधिक ऊर्जा और बेहतर क्षमता के साथ अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पुलिस जवान उपस्थित रहे।
