21 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़ पुलिस ने महिला से अश्लील हरकत और जान से मारने की धमकी देने वाले एक अधेड़ आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है, जहां महिला थाना पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को थाना चक्रधरनगर क्षेत्र की एक करीब 30 वर्षीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर ग्राम पतरापाली कोतरलिया निवासी माधो घोष उर्फ माधव यादव (65 वर्ष) के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी की शिकायत दर्ज कराई थी।

पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति को खोजते हुए आरोपी की दुकान के पास पहुंची थी। आरोपी ने उसके पति को फोन से बुलाने की बात कहकर महिला को बैठाया। कुछ देर बाद आरोपी ने दुकान का गेट बंद कर महिला को गलत नियत से पकड़कर अंदर ले जाने का प्रयास किया। महिला के विरोध और शोर मचाने पर वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर वहां से भाग निकली। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घर पहुंचकर महिला ने पूरी घटना की जानकारी अपने पति और परिजनों को दी, जिसके बाद महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में महिला थाना रायगढ़ द्वारा आरोपी माधो घोष उर्फ माधव यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 74, 75(1)(i) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे और महिला थाना स्टाफ द्वारा की गई।
