19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:सुशासन तिहार के तहत तालापारा में आयोजित समाधान शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचने से कई परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत तालापारा निवासी ज्योति मिरी और अपर्णा डे को आर्थिक सहायता मिली है, जिससे उनके छोटे व्यवसाय को नई दिशा और बड़ा संबल मिला है। दोनों महिलाओं ने इस मदद को आत्मनिर्भर बनने की ओर एक मजबूत कदम बताया है।
ज्योति मिरी पिछले कई वर्षों से सब्ज़ी व्यवसाय से जुड़ी हैं। सीमित पूंजी के कारण वे कम मात्रा में ही सब्ज़ियां खरीद पाती थीं, जिससे आमदनी भी सीमित रहती थी। कई बार आर्थिक संकट के चलते व्यवसाय चलाना मुश्किल हो जाता था, लेकिन उन्होंने मेहनत और हौसला नहीं छोड़ा।

सुशासन तिहार के दौरान आयोजित समाधान शिविर में उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। अब वे अधिक मात्रा में सब्ज़ियां खरीदकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने की तैयारी कर रही हैं।
इससे उनकी आय बढ़ेगी और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। ज्योति का कहना है कि यह सहायता उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का नया अवसर है।
वहीं अपर्णा डे लंबे समय से घर से छोटा सिलाई सेंटर संचालित कर परिवार की मदद कर रही थीं। संसाधनों और मशीनों की कमी के कारण वे अपने काम को बड़े स्तर पर नहीं बढ़ा पा रही थीं। कई बार ऑर्डर मिलने के बावजूद पर्याप्त सामग्री और मशीन नहीं होने से काम छोड़ना पड़ता था।
समाधान शिविर में स्वनिधि योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता ने अपर्णा के सपनों को नई उड़ान दी है। अब वे नई सिलाई मशीन और जरूरी सामग्री खरीदकर अपने सेंटर को व्यवस्थित रूप से संचालित करने की तैयारी में हैं। अपर्णा का सपना है कि भविष्य में वे अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करें।
स्वनिधि योजना से मिली यह मदद अब इन महिलाओं के लिए सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भर भविष्य की नई शुरुआत बन चुकी है।
