19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक मामूली बाइक टक्कर ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें बी-फार्मेसी छात्र समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने बेल्ट, डंडे, ईंट और धारदार हथियार से हमला कर इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल, जो बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी-फार्मेसी का छात्र है, अपने साथियों निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ दशगात्र कार्यक्रम की सूचना देने निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद समझाइश देने पर आरोपी भड़क उठा और गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से हमला शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उसके साथी विक्की जांगड़े, विकास मार्शल और सरोज जांगड़े समेत अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लाठी, डंडे, लोहे की वस्तु, ईंट और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया।
हमले में प्रभाकर मार्शल के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय को बेरहमी से पीटा गया। उसके सिर, आंख, कान और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
फिलहाल पचपेड़ी पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
