19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोटा
बिलासपुर:कोटा थाना क्षेत्र के चचेही डेम, लछनपुर में रविवार को पिकनिक मनाने गए युवकों के बीच उस समय मातम पसर गया, जब एक युवक बच्चे की जान बचाने के दौरान खुद डूब गया। मृतक की पहचान धीरज रात्रे (20 वर्ष) निवासी जरहाभाठा, बिलासपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार करीब 15 से 20 युवक पिकनिक मनाने चचेही डेम पहुंचे थे। इस दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चे को बचाने के लिए धीरज रात्रे तुरंत पानी में कूद पड़ा। धीरज ने साहस दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद गहरे पानी और बहाव में फंस गया।

देखते ही देखते धीरज पानी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया।
घटना के बाद मृतक के परिवार और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिस बच्चे की जान बचाई गई, वह सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि चचेही डेम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी व्यवस्था की कमी पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
