18 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतिका के बेटे को गिरफ्तार किया है, जिसने शराब के नशे में अपनी मां की हत्या कर दी थी।

पुलिस के अनुसार ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी श्रीमती मेरीना लकड़ा (70 वर्ष) घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली थीं। वहीं उनकी 10 वर्षीय नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी गंभीर रूप से घायल हालत में बेहोश मिली। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा (37 वर्ष) पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह शराब के नशे में घर पहुंचा था, जहां मां ने उसे शराब पीने को लेकर डांटा। इससे गुस्साए आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बेटी अगोस्टिना पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया। घायल बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर दूसरे घर भाग गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
