17 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर। बिल्हा थाना पुलिस ने मेन रोड पर चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंककर हादसा कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 40 से 50 CCTV फुटेज की बारीकी से जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। घटना में इस्तेमाल ईंट, पत्थर और मोसा भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 110, 103(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
प्रार्थी अनवर अली निवासी बलौदाबाजार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे ग्राम झाल मेन रोड पर अज्ञात लोगों द्वारा चलती गाड़ियों पर ईंट फेंकी गई। इससे ट्रक क्रमांक CG07CB0655 सहित पीछे चल रही मेटाडोर और स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चले गए।

घटना में वाहन चालकों और सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं तथा वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग ने विशेष टीम गठित की। टीम ने क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगालकर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की पहचान की।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज कुमार ध्रुव (21 वर्ष) निवासी धमतरी तथा मोहन निषाद (30 वर्ष) निवासी कोहरौदा, बिल्हा शामिल हैं। दोनों आरोपियों को 17 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में उनि जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम एवं सुमन चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
