17 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में अस्पताल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सिम्स अस्पताल में हाल ही में हुए उत्पात का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब मगरपारा रोड स्थित एआरसी–पीएआरसी क्लीनिक में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हंगामा और धमकी देने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद निजी और शासकीय अस्पतालों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामले में क्लीनिक संचालक डॉ. जगबीर सिंह ने थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अस्पताल की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 15 मई 2026 को करीब 8 से 10 असामाजिक तत्व अस्पताल पहुंचे और वहां मौजूद स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

शिकायत में बताया गया है कि इस समूह का नेतृत्व छत्रपाल साहू नामक व्यक्ति कर रहा था। आरोप है कि आरोपियों ने अस्पताल में लगे देवी-देवताओं के चित्रों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और स्टाफ पर दबाव बनाते हुए आधे घंटे के भीतर सभी तस्वीरें हटाने की चेतावनी दी। साथ ही अस्पताल में तोड़फोड़ करने और नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।

डॉ. जगबीर सिंह के मुताबिक घटना दोपहर करीब 3 बजे से शाम 4 बजे तक चलती रही। इस दौरान अस्पताल के वार्ड बॉय कालीचरण सूर्यवंशी के साथ जातिसूचक गालियां देकर दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और मरीजों में दहशत का माहौल है।
शिकायतकर्ता ने आवेदन में आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2018 में भी उनके साथ मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसका मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने डॉक्टर की लिखित शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
