
14 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़
रायगढ़ पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन आघात” के तहत रामलीला मैदान स्थित जानकी होटल में दबिश दी। थाना साइबर और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जानकी होटल के काउंटर से चोरी-छिपे शराब बेची जा रही है। सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की टीम ने छापेमारी की। मौके पर होटल मैनेजर सुरेन्द्र पटेल काउंटर पर मौजूद मिला।

पूछताछ में उसने शराब बिक्री करना स्वीकार किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने काउंटर में रखे थैलों से विभिन्न ब्रांड की बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब में सीम्बा बीयर, ग्रांड फादर बीयर, हंटर बीयर, केन बीयर, ब्लेंडर स्प्राइड, सिग्नेचर, मैजिक मोमेंट और ओल्ड हैबिट ब्रांड शामिल हैं। कुल 13.100 बल्क लीटर शराब और 500 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6,350 रुपये बताई गई है।
आरोपी सुरेन्द्र पटेल (37 वर्ष), निवासी कटनी मध्यप्रदेश, हाल मुकाम जानकी होटल रायगढ़ के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी सुखनंदन पटेल, थाना साइबर प्रभारी विजय चेलक सहित दोनों थानों के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
