05 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर:सरकंडा थाना क्षेत्र में होली के दिन धारदार चाकू से हमला कर घायल करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 2 महीनों से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा सारथी उर्फ बब्बन सारथी (23 वर्ष), निवासी प्रभात चौक चिंगराजपारा, थाना सरकंडा के रूप में हुई है। आरोपी थाना सरकंडा का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घटना 3 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे की है, जब प्रभात चौक के पास होली के दौरान आरोपी ने प्रार्थी जितेंद्र राजपूत के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत धारा 296, 352(2), 115(2) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 5 मई 2026 को सरकंडा पुलिस को सफलता मिली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल बिलासपुर भेज दिया है।
