05 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/व्यापार विहार
न्यायधानी बिलासपुर का सबसे बड़ा औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार इन दिनों लगातार विवादों के घेरे में है। यहां नकली सामान के कारोबार के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं, जिससे प्रशासन और आम जनता दोनों की चिंता बढ़ गई है।

ताजा कार्रवाई में मशहूर ब्रांड के नाम पर नकली किचन मसालों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में नकली सिगरेट का बड़ा जखीरा जब्त किया जा चुका है। इसके अलावा नकली सर्फ एक्सेल और रेड लेबल चाय जैसे ब्रांडेड उत्पादों की फर्जी पैकेजिंग कर बिक्री का मामला भी सामने आ चुका है।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने यह साफ कर दिया है कि व्यापार विहार नकली सामान के कारोबार का बड़ा हब बनता जा रहा है। यहां से सप्लाई होने वाला फर्जी माल शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों तक पहुंच रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत और जेब दोनों पर खतरा मंडरा रहा है।

प्रशासन द्वारा की जा रही छापेमारी में बार-बार बड़े खुलासे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मसाला कांड के बाद एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतने बड़े स्तर पर नकली सामान का नेटवर्क कैसे संचालित हो रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच को और तेज किया जाएगा और इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल व्यापार विहार में चल रहे इस नकली कारोबार ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है।

एसडीएम मनीष साहू ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित कंपनी ने भी प्राथमिक तौर पर सामान को नकली माना है। जब्त किए गए मसालों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि नकली खाद्य सामग्री के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
