05 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज आम जनता की समस्याओं पर प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों के कुल 103 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।
जनदर्शन के दौरान राजस्व, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों की भरमार रही। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली और स्पष्ट कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सबसे गंभीर मामला पचपेड़ी तहसील के ग्राम बिनौरी से सामने आया, जहां बुजुर्ग तुलसीराम कुर्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि में गड़बड़ी की शिकायत की। उनके नाम स्वीकृत 95 हजार रुपए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर होने का आरोप है। कलेक्टर ने तत्काल जांच कर राशि वापसी और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बेलतरा तहसील के बैमा गांव में मुक्तिधाम की भूमि से अतिक्रमण नहीं हटने की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं तखतपुर क्षेत्र से शौचालय निर्माण सहायता, मजदूरी भुगतान लंबित और गैस कनेक्शन जैसी समस्याएं सामने आईं, जिन पर संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

मोछ गांव में अवैध खनन का मामला भी उठा, जहां ग्रामीणों ने तालाब से मुरूम चोरी की शिकायत की। कलेक्टर ने खनिज विभाग को जांच के आदेश दिए। रतनपुर क्षेत्र में तालाब की जमीन निजी नाम पर दर्ज कर उसे पाटने की शिकायत पर भी जांच के निर्देश दिए गए।
पेयजल संकट को लेकर बिल्हा विकासखंड के गोढ़ी और पत्थरखान गांवों से आए आवेदनों में जलस्तर गिरने और जल जीवन मिशन की टंकी बंद होने की समस्या सामने आई। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल व्यवस्था बहाल करने को कहा।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण कर आम जनता को शीघ्र राहत पहुंचाई जाए। प्रशासन की इस सक्रियता से लोगों में समाधान की उम्मीद जगी है।
