05 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
न्यायधानी बिलासपुर:जिले में सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक टीएल बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंच सके।
बैठक के दौरान तखतपुर में आयोजित शिविरों के प्रचार-प्रसार में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में अपेक्षाकृत कम लोग शिविरों का लाभ उठा सके। इस गंभीर चूक पर तखतपुर के सीएमओ अमरेश सिंह को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी विभागों और नगरीय निकायों को योजनाओं और शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के आदेश दिए गए।

जल संरक्षण पर फोकस:लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जिले में मौजूद 86 सूखे (डिफंक्ट) नलकूपों को रिचार्जिंग कार्य में उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर भूजल स्तर बढ़ाने और जल संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए।
ई-डिस्ट्रिक्ट में खामियां, ऑपरेटरों को चेतावनी:ई-डिस्ट्रिक्ट योजना में करीब 12 प्रतिशत आवेदनों के निरस्त होने पर कलेक्टर ने असंतोष जताया। उन्होंने लोकसेवा केंद्रों के ऑपरेटरों को चेतावनी देने और आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि आवेदनों की गुणवत्ता सुधरे और निरस्तीकरण कम हो।

महतारी वंदन योजना में 71% ई-केवाईसी पूर्ण:महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 4.14 लाख पात्र महिलाओं में से अब तक 2.90 लाख हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने शेष कार्य को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों पर सख्ती:एक वर्ष से अधिक पुराने और समय-सीमा से बाहर लंबित राजस्व प्रकरणों को 3 से 4 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निपटाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
आयुष्मान कार्ड: 3.14 लाख अभी भी शेष:आयुष्मान योजना की समीक्षा में सामने आया कि जिले में अभी भी 3.14 लाख पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाए जाना बाकी है। कलेक्टर ने इसके लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान मोड में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
