05 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सीपत
बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी पर चरित्र संदेह के चलते पति ने उसे चूहा मारने की दवा पिलाकर हत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 4 मई 2026 को थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति रामरतन सूर्यवंशी (65 वर्ष), निवासी ग्राम मचखंडा, अक्सर उस पर चरित्र शंका कर मारपीट और झगड़ा करता था। घटना 8 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है, जब आरोपी ने घर में चूहे होने का बहाना बनाकर पत्नी से चूहा मारने की दवा मंगवाई।
दवा लाने के बाद आरोपी अपनी पत्नी को कुमीहा खार क्षेत्र में लकड़ी लाने के बहाने ले गया, जहां उसने जबरदस्ती उसे जहर खिला दिया। जहर के असर से महिला बेहोश हो गई, जिसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन दिन बाद होश में आने पर महिला ने पूरी घटना अपने बेटे को बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से ही हत्या और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
इस पूरी कार्रवाई में सीपत पुलिस की तत्परता से एक गंभीर अपराध का खुलासा हुआ और पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
