04 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
न्यायधानी बिलासपुर:थाना बिल्हा क्षेत्र में एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया है, जिसमें युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर उसे गर्भवती करने और बाद में गर्भपात कराने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत उसके पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 3 मई 2026 को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि आरोपी बलराम साहू (25 वर्ष), निवासी मुड़ीपार सम्बलपुरी, थाना बिल्हा, ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा खिलाकर जबरन गर्भपात भी कराया।
इतना ही नहीं, आरोपी अपने पिता रमेश कुमार साहू (46 वर्ष) के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 240/2026 के तहत विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों—आईपीएस रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन—को अवगत कराते हुए उनके मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।
