04 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले में अवैध मिट्टी उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने कुल 24 प्रकरण दर्ज कर 9 लाख 27 हजार 663 रुपये की समझौता राशि वसूल की है, जिसे खनिज मद में जमा कराया गया है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध उत्खनन के 8 मामलों में 6 लाख 50 हजार 783 रुपये और अवैध परिवहन के 16 मामलों में 2 लाख 76 हजार 880 रुपये की वसूली की गई है। विभाग द्वारा जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार जांच और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
जिले में वर्तमान में मिट्टी ईंट के 29 स्वीकृत उत्खनन पट्टे हैं, जिनमें से 4 पट्टे व्यपगत (लैप्स) हो चुके हैं। शेष इकाइयों में पर्यावरणीय स्वीकृति और नियमों के तहत संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
खनिज विभाग के उप संचालक किशोर गोलघाटे ने बताया कि छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत परंपरागत कुम्हार समुदाय को सीमित छूट दी गई है, जबकि अन्य किसी भी अवैध ईंट निर्माण या उत्खनन पर सख्त कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर निगरानी लगातार जारी है। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अमला नियमित निरीक्षण कर शिकायतों का निराकरण भी कर रहा है।
