04 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़ में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। सेल्स गर्ल से छेड़छाड़ कर फरार हुए ऑटो चालक को महिला थाना पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मामला 2 मई की शाम का है, जब 23 वर्षीय युवती अपनी बहन के साथ मुख्य बाजार स्थित कपड़ा दुकान में काम के दौरान ग्रैंड मॉल के ग्राउंड फ्लोर स्थित वॉशरूम गई थी।
वॉशरूम से बाहर निकलते समय वहां पहले से मौजूद परिचित ऑटो चालक विनोद कुमार शर्मा ने युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की।
घटना के बाद पीड़िता और उसकी बहन ने शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जुटते ही आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत बीएनएस की धारा 74 में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार शर्मा (40 वर्ष), निवासी लाल टंकी रोड, हनुमान मंदिर के पास, रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
