30 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़:आईपीएल सीजन में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 3 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹51,000 नगद और 3 महंगे मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य खाईवाल अंकित अग्रवाल, अजय उर्फ रिंकु अग्रवाल और नरेंद्र राठौर शामिल हैं, जो व्हाट्सएप ग्रुप और वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और गुपचुप तरीके से सट्टा नेटवर्क चला रहा था।

कार्रवाई के दौरान डभरा रोड से अजय अग्रवाल को रंगे हाथों पकड़ा गया, जो मोबाइल के जरिए सट्टा खिला रहा था। वहीं, रानीसती छपरी गंज से मुख्य संचालक अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया, जिसके मोबाइल में सट्टा संचालन से जुड़े कई व्हाट्सएप ग्रुप मिले। तीसरी कार्रवाई में नरेंद्र राठौर को पकड़ा गया, जो एक वेबसाइट के माध्यम से सट्टा चला रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आपस में नेटवर्क बनाकर आईडी-पासवर्ड के जरिए सट्टा संचालन करते थे और हार-जीत का हिसाब ऑनलाइन ही करते थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा पर पुलिस की कड़ी नजर है। इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पुलिस पहुंचेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना और खरसिया पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई से सट्टा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।
