30 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभा भवन में एक दिवसीय स्काउटर एवं गाइडर कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा के निर्देशन में किया गया, जिसका उद्देश्य संगठन की नई योजनाओं, सदस्यता वृद्धि, युवा कार्यक्रमों एवं नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में राज्य मुख्यालय आयुक्त (स्काउट) रविश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार टांडे ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त राज्य सचिव बीना यादव शामिल हुईं। इस अवसर पर राज्य मुख्यालय आयुक्त एवं शिविर संचालक शैलेन्द्र मिश्रा, राज्य समन्वयक मेंबरशिप ग्रोथ मो. शादिक शेख, सहायक राज्य आयुक्त विजय कुमार यादव, जिला संगठन आयुक्त डीगम्बर सिंह कौशिक एवं जिला संगठन आयुक्त (गाइड) उतरा मानिकपुरी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को नवीन राज्य पुरस्कार योजना, न्यू यूथ प्रोग्राम, सदस्यता वृद्धि, वारंट चार्टर, बीएसजी इवेंट्स, नए बैज एवं यूनिफॉर्म से जुड़े दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही संगठन की भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
इस कार्यशाला में बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा से कुल 80 स्काउटर, गाइडर, रोवर्स एवं रेंजर्स ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
कार्यक्रम का वातावरण अनुशासन, सीखने और संगठनात्मक विकास की भावना से ओत-प्रोत रहा। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुई, जिससे उन्हें भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की नई कार्यप्रणाली और योजनाओं को समझने का अवसर मिला।
