30 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:शहर में चर्चित दो हजार करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले की जांच अब तेजी पकड़ती नजर आ रही है। इसी कड़ी में गुरुवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शहर के प्रमुख सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की।

जानकारी के मुताबिक, ED के 10 से अधिक अधिकारियों ने एक साथ उनके आवास और मध्यनगरी चौक स्थित प्रतिष्ठान श्रीराम ज्वेलर्स पर दबिश दी। कार्रवाई सुबह से ही जारी है और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई की कड़ी विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल से जुड़ी हुई बताई जा रही है। विकास अग्रवाल पर दो हजार करोड़ रुपये के शराब घोटाले से जुड़े सिंडिकेट का हिस्सा होने का आरोप है।


बताया जा रहा है कि वह इस मामले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी रहा है। फिलहाल विकास अग्रवाल फरार है, जिसके चलते ED उसके करीबियों और व्यावसायिक ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
मध्यनगरी चौक जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई से सराफा बाजार सहित पूरे कारोबारी जगत में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, ED की ओर से आधिकारिक बयान और जब्ती की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
