27 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:आर्थिक तंगी से जूझ रहे आम उपभोक्ताओं के लिए शासन की “मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना” बड़ी राहत लेकर सामने आई है। ग्राम धौराभांटा निवासी सनत धुव्र के मामले ने इस योजना की उपयोगिता को साफ तौर पर उजागर किया है।
सीमित आय वाले सनत धुव्र पर 40 हजार रुपये का बिजली बिल भारी बोझ बन गया था। परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों के बीच इतनी बड़ी राशि चुकाना उनके लिए लगभग असंभव हो गया था। बढ़ते बिल ने उनकी मानसिक शांति भी छीन ली थी।
इसी दौरान आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर उन्होंने अपनी समस्या रखी। जांच के बाद योजना के तहत उन्हें 27 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई। इसके बाद शेष राशि को भी आसान किश्तों में बांट दिया गया है। अब उन्हें मात्र 350 रुपये प्रतिमाह की 40 किश्तों में भुगतान करना होगा।
कार्यपालन अभियंता अनुपम सरकार के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देना है, ताकि वे बिना दबाव के बकाया राशि चुका सकें। योजना के तहत बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत तक छूट और अधिभार में पूरी छूट दी जा रही है, वहीं अन्य घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को भी विशेष रियायत का लाभ मिल रहा है।
राहत मिलने के बाद सनत धुव्र ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें बड़ी चिंता से मुक्ति मिल गई है। उन्होंने सरकार की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
धौराभांटा में लगे शिविर में ऐसे कई अन्य परिवारों को भी मौके पर राहत मिली, जिनकी समस्याएं लंबे समय से लंबित थीं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आगे आकर इस योजना का लाभ उठाएं।
यह योजना न केवल आर्थिक बोझ कम कर रही है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में राहत और भरोसा भी लौटा रही है।
