21 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़…विशेष रिपोर्ट
रायगढ़। जिले के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजकोट अमलझरिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महुआ बीनने गए दंपत्ति के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खतरनाक रूप ले बैठा। गुस्से में आकर पति ने अपनी पत्नी के सिर पर बांस की लकड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई बांस की लकड़ी भी जब्त कर ली गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “क्षणिक आवेश में लिया गया निर्णय जीवनभर का पछतावा बन जाता है। किसी भी विवाद में संयम और समझदारी ही सबसे बड़ा समाधान है।”
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
