21 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा ऑटो चालकों को यूनिफॉर्म पहनकर ही ऑटो संचालन करने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऑटो चालकों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करना है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित सफर का भरोसा मिल सके।

जानकारी के अनुसार, इस दिशा में सभी ऑटो चालकों को सात दिनों का समय दिया गया था। इस दौरान कई चालकों ने यूनिफॉर्म सिलवाना शुरू कर दिया है, वहीं कुछ ऑटो चालक पहले से ही निर्धारित ड्रेस कोड में ऑटो चलाते नजर आ रहे हैं। यूनिफॉर्म धारण करने के बाद ऑटो चालकों में भी अनुशासन और पेशेवर व्यवहार को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है, साथ ही वे एक-दूसरे को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं।

यातायात विभाग द्वारा समस्त थाना, चौकी और बीट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऑटो चालकों को यूनिफॉर्म अपनाने के लिए जागरूक करें। इसका उद्देश्य पूरे शहर में एकरूपता और पहचान को मजबूत करना है।

विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे केवल यूनिफॉर्म में चलने वाले ऑटो का ही चयन करें और अन्य चालकों को भी ड्रेस कोड का पालन करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, जो चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें हतोत्साहित करने में भी नागरिकों से सहयोग मांगा गया है।
यातायात पुलिस का मानना है कि जनसहयोग से यह पहल सफल होगी और बिलासपुर में सुरक्षित, सरल एवं सुव्यवस्थित आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
