17 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में त्रिनेत्र सेवा समिति की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि नागरिकों के स्वस्फूर्त सहयोग से अब तक एक करोड़ रुपये की राशि एकत्रित की जा चुकी है। इस राशि से शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे अपराध नियंत्रण और अपराधियों की शीघ्र पहचान में मदद मिलेगी।
समिति का गठन शहर में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। बैठक में विशेष रूप से महिला सुरक्षा, सुगम यातायात और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर जोर दिया गया।
तारबाहर चौक स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल ने की। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में त्रिनेत्र परियोजना पर विस्तृत पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया गया। चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि 20 अप्रैल को तकनीकी समिति की अगली बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें टेलीकॉम कंपनियों और अडानी गैस के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
परियोजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसके अलावा व्यावसायिक और सामाजिक संगठनों को जोड़ने के लिए भी अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने त्रिनेत्र अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक सहयोग पर जोर दिया।
