07 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 07 अप्रैल को एसईसीएल (SECL) मुख्यालय में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया गया। एसईसीएल के चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चंद्र महापात्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य को जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति बताते हुए नियमित व्यायाम और जागरूकता को आवश्यक बताया।

इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े हों” के अनुरूप कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता पर जोर दिया।

इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने ‘स्वास्थ्य शपथ’ लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। वॉकथॉन में लगभग 200 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया, जिनके उत्साह को बढ़ाने के लिए टी-शर्ट और बैज भी वितरित किए गए।

वॉकथॉन को एसईसीएल मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए वसंत विहार स्थित रवींद्र भवन में संपन्न हुआ।
पूरा कार्यक्रम ऊर्जा, उत्साह और जागरूकता का प्रतीक बना, जिसने एक स्वस्थ कार्यबल और सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में एसईसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाया।
“स्वास्थ्य की दिशा में उठाया गया हर कदम, बेहतर भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है।”

