07 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जनहितकारी बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी रजनेश सिंह द्वारा शुरू किए गए “सियान चेतना अभियान” के तहत अब जिले के रिटायर्ड पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी सक्रिय भूमिका निभाते नजर आएंगे।
इस पहल का उद्देश्य न केवल अपराध नियंत्रण और रोकथाम को सशक्त बनाना है, बल्कि पुलिस के सकारात्मक कार्यों को आम जनता तक पहुंचाकर समाज में जागरूकता और विश्वास बढ़ाना भी है।

इस महत्वपूर्ण निर्णय के तहत पुलिस मैदान स्थित बिलासा गुड्डी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वर्तमान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, रामगोपाल करियारे, रश्मित कौर, पुलिस लाइन डीएसपी मंजूलता केरकट्टा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान SSP रजनेश सिंह ने रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्हें स्थानीय स्तर पर निगरानी, सूचना साझा करने, सामाजिक विवादों के समाधान में सहयोग, तथा युवाओं को अपराध से दूर रखने जैसे महत्वपूर्ण कार्य दिए गए हैं।

इसके साथ ही, ये अनुभवी कर्मी साइबर अपराध, ठगी, महिला एवं बाल अपराध, संगठित अपराध, सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करेंगे। पुलिस की जनसंपर्क गतिविधियों को भी इनके सहयोग से और अधिक मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि SSP रजनेश सिंह द्वारा पूर्व में ड्रोन तकनीक के उपयोग से पुलिसिंग को सशक्त बनाया जा चुका है। अब इस नई पहल के माध्यम से अनुभव और तकनीक के समन्वय से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। साथ ही, बेसिक पुलिसिंग के अंतर्गत बिट प्रणाली को भी प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
इस पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और समन्वय में वृद्धि होने की उम्मीद है। रिटायर्ड पुलिसकर्मी समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेंगे।
बिलासपुर पुलिस की यह पहल भविष्य में अन्य जिलों के लिए भी एक आदर्श मॉडल साबित हो सकती है।
✍️ प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर✍️