06 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सिरगिट्टी
बिलासपुर:शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को एक कार के अंदर मोबाइल के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद क्रेटा कार में कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा और तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर गुप्ता उर्फ दउवा (40), दीपचंद सोनकर उर्फ चिंटू (32) और सीताराम साहू (36) शामिल हैं। जांच में उनके मोबाइल फोन में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा संचालन और लेन-देन के प्रमाण मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹5,01,300 नगद, 4 मोबाइल फोन और एक क्रेटा कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹17 लाख आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की है। पुलिस को इनके अन्य थाना क्षेत्रों में भी सट्टा संचालन में संलिप्त होने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 7(2), 112 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।