06 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 6 अप्रैल 2026। बिलासपुर के बिलासा देवी केंवट हवाई अड्डा, चकरभाठा के विस्तार को लेकर बड़ी उपलब्धि सामने आई है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन को 290.8 एकड़ सैन्य भूमि का विधिवत हस्तांतरण किया गया, जिससे लंबे समय से लंबित विस्तार कार्य को गति मिल गई है।
सोमवार को भारतीय सेना और रक्षा संपदा कार्यालय (डीईओ) जबलपुर के अधिकारियों द्वारा कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की उपस्थिति में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर भूमि जिला प्रशासन को सौंपी गई।
भूमि हस्तांतरण के बाद अब एयरपोर्ट के लिए कुल उपलब्ध भूमि 646.8 एकड़ हो गई है, जो इसके बड़े स्तर पर विस्तार के लिए पर्याप्त मानी जा रही है। अतिरिक्त भूमि मिलने से रनवे विस्तार और एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में अपग्रेड करने की राह में आ रही तकनीकी बाधाएं भी दूर हो गई हैं।
4C श्रेणी में उन्नयन के बाद बड़े विमानों की आवाजाही संभव होगी, जिससे बिलासपुर को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर भारतीय सेना के कर्नल ए. मजूमदार, कर्नल दिनेश पट्टाभि, लेफ्टिनेंट कर्नल नीरज सिंह, रक्षा संपदा अधिकारी मोहम्मद शाद आलम, एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. वीरेन सिंह, एडीएम ज्योति पटेल, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।